जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर मिलने के बहाने युवक को बुलाना और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करना एक गिरोह को भारी पड़ गया। जांजगीर-चांपा पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
स्नैपचैट पर हुई दोस्ती, मिलने के बहाने चांपा बुलाया
पुलिस के मुताबिक, रायगढ़ जिले के रहने वाले मनीष वर्मा की पहचान स्नैपचैट के जरिए एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवती लगातार मनीष को मिलने के लिए चांपा बुलाने लगी। 4 नवंबर को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से युवती से मिलने पहुंचा।
युवती के कहने पर मनीष ने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और खुद कार लेकर आगे चला गया। इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास पांच युवक उसकी कार के नजदीक पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
चाकू दिखाकर 60 हजार रुपये और सोने की अंगूठी लूटी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मनीष के साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उससे 60 हजार रुपये नकद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूट ली। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक को मिलने के लिए बुलाने वाली युवती भी इस पूरी वारदात में कथित तौर पर शामिल थी। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।
युवती समेत छह आरोपी गिरफ्तार, नकदी और वाहन जब्त
घटना की शिकायत पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 308(2), 111(1) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक युवती और पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित राठौर (21), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर; रवि झलरिया (24), निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर; किशन कर्ष (21), निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर; कुनाल पाण्डेय (20), निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर, हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा; मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19), निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर और रायगढ़ जिले की एक युवती शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
