नई दिल्ली। दिल्ली के पीतमपुरा स्थित नेताजी सुभाष प्लेस के DDA मैदान में दशहरा उत्सव के दौरान इस बार रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ एक अलग तरह का पुतला भी चर्चा का विषय बन गया। यहां 30 फीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का भी दहन किया गया। इस आयोजन के बाद दिल्ली की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
कार्यक्रम में मौजूद दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कॉकरोच के पुतले के दहन का बचाव करते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कॉकरोच का पुतला जलाया जा रहा है और इससे देश की राजनीति के दीमकों को तकलीफ हो रही है।” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज हो गया।
AAP ने की FIR दर्ज करने की मांग
मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर को शिकायत भेजी है। उन्होंने दशहरा आयोजन में कॉकरोच का पुतला जलाए जाने को लेकर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सौरभ भारद्वाज ने अपनी शिकायत में कार्यक्रम से जुड़े आयोजकों के साथ-साथ मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ भी FIR दर्ज करने की मांग की है। AAP की ओर से इस मामले को लेकर आयोजकों की भूमिका और कार्यक्रम में दिए गए बयानों पर सवाल उठाए गए हैं।
दशहरा आयोजन बना सियासी मुद्दा
आमतौर पर दशहरे पर बुराई के प्रतीक के तौर पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाता है। लेकिन पीतमपुरा में कॉकरोच का 30 फीट ऊंचा पुतला भी जलाए जाने के बाद यह आयोजन राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।
एक तरफ कपिल मिश्रा ने इसे लेकर AAP पर तंज कसा, तो दूसरी ओर सौरभ भारद्वाज ने शिकायत के जरिए कानूनी कार्रवाई की मांग कर दी। अब इस मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें हैं।
फिलहाल, कॉकरोच के पुतले के दहन को लेकर दिल्ली की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है और दशहरे का यह आयोजन राजनीतिक विवाद का नया मुद्दा बनता नजर आ रहा है।
