कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय में कक्षा 12वीं की एक आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव उसके कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
बंद कमरे में मिला छात्रा का शव
जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा तुमरीसुर गांव की रहने वाली थी और विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह कक्षा 12वीं की विज्ञान संकाय की छात्रा थी और पिछले करीब छह वर्षों से इसी आवासीय विद्यालय में रह रही थी।
बताया गया कि 23 अक्टूबर को तबीयत खराब होने के कारण उसके पिता उसे घर ले गए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह उसके मामा उसे वापस छात्रावास छोड़ने पहुंचे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर के बाद छात्रा कक्षा में नहीं गई और अपने कमरे में ही रही।
शाम को दरवाजा खोलने पर सामने आई घटना
बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे जब अन्य छात्राएं अपने कमरे में लौटीं, तो छात्रा के कमरे का दरवाजा बंद मिला। इसकी जानकारी छात्रावास अधीक्षक को दी गई। दरवाजा खोलने पर छात्रा का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। इसके बाद छात्रावास में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। भानुप्रतापपुर के एसडीएम अनिकेत फडतरे सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। छात्रा के परिजन भी वहां पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और लंबे समय से छात्रावास में रहकर अध्ययन कर रही थी। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। घटना के पीछे किसी विशेष कारण की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल दुर्गूकोंदल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही छात्रा की मौत की परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
