बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) की राजकिशोर नगर शाखा से 11 फर्जी फर्मों के नाम पर 5 करोड़ रुपये से अधिक का लोन लेने के मामले में EOW-ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब छह साल तक चली जांच के बाद एजेंसी ने तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक राहुल कुमार सिन्हा और विश्वजीत भौमिक के खिलाफ विशेष न्यायालय में चालान पेश किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस कथित घोटाले से बैंक को 5 करोड़ 4 लाख 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ। 30 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर स्थित विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) में चालान प्रस्तुत किया गया।
11 फर्जी फर्मों को नियमों के विरुद्ध दिए गए लोन
मामले की शुरुआत बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर की शिकायत से हुई थी। शिकायत के आधार पर ACB-EOW ने 28 जनवरी 2020 को अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया कि 20 मार्च 2018 से 3 मई 2019 के बीच तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक राहुल कुमार सिन्हा ने बैंक के नियमों की अनदेखी करते हुए 11 अपात्र फर्मों को कैश क्रेडिट, ओवरड्राफ्ट, बैंक गारंटी और टर्म लोन की सुविधाएं स्वीकृत की थीं। इन सभी ऋण खातों को वर्ष 2019 में ही एनपीए घोषित कर दिया गया था। कर्ज की राशि वापस नहीं होने से बैंक को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
लोगों के KYC दस्तावेजों से बनाई गईं फर्जी फर्में
EOW-ACB की विवेचना में विश्वजीत भौमिक की भूमिका भी सामने आई। जांच एजेंसी के अनुसार, वह जरहाभाठा स्थित उड़ान माइक्रो फाइनेंस के कार्यालय से लोगों को छोटे ऋण और बैंक लोन दिलाने का काम करता था। इस दौरान वह लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, KYC दस्तावेज और संपत्ति के मूल कागजात लेता था। इसके साथ ही बैंक के प्रपत्रों और खाली चेकों पर भी हस्ताक्षर कराए जाते थे।
आरोप है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल संबंधित लोगों की जानकारी के बिना उनके नाम पर फर्में बनाने में किया गया। कुछ फर्मों में विश्वजीत भौमिक ने अपने कर्मचारियों को प्रोप्राइटर दर्शाया था। जांच में तीन फर्मों के दुकान एवं स्थापना पंजीयन प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। वहीं, सात फर्मों के GST रिटर्न उड़ान माइक्रो फाइनेंस के कार्यालय से दाखिल किए गए थे।
फर्मों के पते पर नहीं मिला कारोबार
जांच एजेंसी के मुताबिक, लोन स्वीकृत करने से पहले तत्कालीन शाखा प्रबंधक राहुल कुमार सिन्हा ने फर्मों के व्यवसाय और पते से संबंधित गलत जानकारी निरीक्षण रिपोर्ट में दर्ज की थी। कुछ मामलों में ऐसे लोगों की संपत्तियों को भी उनकी जानकारी के बिना ऋण के बदले बंधक के रूप में स्वीकार किया गया, जिनका संबंधित फर्मों से कोई संबंध नहीं था।
बैंक की ओर से किए गए निरीक्षण के दौरान बताए गए पते पर किसी भी फर्म की वास्तविक व्यावसायिक इकाई नहीं मिली। इससे लोन स्वीकृति की प्रक्रिया और बैंक की जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।
लोन की रकम विश्वजीत भौमिक की फर्म तक पहुंची
EOW-ACB की जांच में दावा किया गया कि बैंक से मिली ऋण राशि का इस्तेमाल संबंधित फर्मों के कारोबार में नहीं किया गया। रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाला गया और जांच में विश्वजीत भौमिक को इसका अंतिम लाभार्थी पाया गया।
एजेंसी के अनुसार, बैंक से प्राप्त ऋण की राशि राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (NSIC) के माध्यम से भौमिक की फर्म ए.बी. फास्टनर्स तक पहुंचाई गई। इसके अलावा कूटरचित बिलों के आधार पर NSIC रायपुर से भी भुगतान प्राप्त किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ इन धाराओं में चालान
EOW-ACB ने विश्वजीत भौमिक और तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक राहुल कुमार सिन्हा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-B के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 12 और 13(2) के तहत चालान पेश किया है।
जानकारी के मुताबिक, राहुल कुमार सिन्हा वर्तमान में बैंक ऑफ बड़ौदा की गढ़सीसा शाखा, जिला कच्छ (गुजरात) में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं। करीब छह साल की विवेचना के बाद अब मामला न्यायालय पहुंच गया है। आगे की सुनवाई में आरोपों और जांच एजेंसी की ओर से पेश साक्ष्यों पर न्यायालय में विचार किया जाएगा।
