जगदलपुर। बस्तर के नगरनार और कस्तूरी क्षेत्र में किसान पिछले चार-पांच वर्षों से खेतों में पहुंच रहे काले पानी की समस्या से परेशान हैं। किसानों का आरोप है कि नगरनार स्टील प्लांट से निकलने वाला कथित केमिकल युक्त पानी खेतों में भर रहा है, जिससे फसलों को लगातार नुकसान हो रहा है। इस बार बाढ़ की मार झेलने के बाद जो फसल बची थी, वह भी प्रभावित हो गई। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज किसान अब मुआवजे और स्थायी व्यवस्था की मांग लेकर NMDC प्रबंधन के पास पहुंचे।
किसानों के अनुसार, अकेले कस्तूरी क्षेत्र में करीब 500 से 700 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हुई है। वहीं नगरनार और आसपास के इलाकों को मिलाकर फसल नुकसान का दायरा करीब 2 हजार से 2,500 एकड़ तक बताया जा रहा है। किसानों का कहना है कि कई बार प्रशासन और NMDC प्रबंधन के सामने शिकायत रखने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली है।
पांच साल से खेतों में पहुंच रहा काला पानी, किसानों की बढ़ी परेशानी
प्रभावित किसानों का आरोप है कि स्टील प्लांट से निकलने वाला काला पानी खेतों की ओर बहकर पहुंचता है। इससे फसल खराब हो रही है और खेती पर निर्भर परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि पहले फसल नुकसान के बदले कुछ राशि मुआवजे के रूप में दी जाती थी, लेकिन अब वह भी बंद हो गई है।
लगातार नुकसान के चलते किसानों के सामने खेती जारी रखने और परिवार का भरण-पोषण करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
NMDC प्रबंधन के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें
समस्या को लेकर NMDC पहुंचे किसानों ने प्रबंधन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने खेतों की ओर बहने वाले काले पानी को तत्काल रोकने, प्रभावित फसलों का उचित मुआवजा देने और पानी के बहाव से क्षतिग्रस्त हुए खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत कराने की मांग की।
किसानों ने कहा कि जब तक पानी के बहाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनकी खेती को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहेगा।
आठ दिन में जवाब देने का आश्वासन, आंदोलन की चेतावनी
किसान लक्ष्मण सेठिया के मुताबिक, NMDC प्रबंधन ने उनकी मांगों को आगे बढ़ाते हुए आठ दिनों के भीतर जवाब देने का आश्वासन दिया है। किसानों ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय में उनकी समस्याओं पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा NMDC गेट के सामने आंदोलन करेंगे।
फिलहाल किसानों को प्रबंधन के जवाब का इंतजार है। अब देखना होगा कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या के समाधान और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
