कांकेर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने से पहले कांकेर जिले में सहकारी समिति से जुड़ी बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। भानुप्रतापपुर विकासखंड की आदिम जाति सेवा सहकारी समिति आसुलखार में जांच के दौरान करीब 1 करोड़ 44 लाख 18 हजार 720 रुपये की गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। समिति के रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन में 11,628 बोरा बारदाना और 4,651.20 क्विंटल धान कम मिला है। मामले में पुलिस ने धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई और बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में आसुलखार सहकारी समिति के माध्यम से 748 किसानों से 36,703.20 क्विंटल धान खरीदा गया था। इसमें से 30,855.95 क्विंटल धान का उठाव किया गया। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा की ओर से गठित संयुक्त जांच समिति ने समिति में उपलब्ध धान और बारदाने का भौतिक सत्यापन किया।
जांच के दौरान रिकॉर्ड में दर्ज मात्रा और मौके पर उपलब्ध स्टॉक में बड़ा अंतर सामने आया। सत्यापन में 4,651.20 क्विंटल धान और 11,628 बोरा बारदाना कम पाया गया। जांच समिति ने इसकी कुल कीमत 1 करोड़ 44 लाख 18 हजार 720 रुपये आंकी है। मामले में संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच की गई, जिसमें धान खरीदी प्रभारी और बारदाना प्रभारी की संलिप्तता सामने आई।
दो कर्मचारियों पर FIR, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
जांच रिपोर्ट के आधार पर समिति प्रबंधक ने भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई और बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में दस्तावेजों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।
नई धान खरीदी से ठीक पहले खुलासा
प्रदेश में 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी शुरू होने वाली है। ऐसे समय में पिछले खरीफ सीजन की सहकारी समिति में करोड़ों रुपये की अनियमितता सामने आने से धान के स्टॉक, बारदाने के रखरखाव और रिकॉर्ड संधारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में पुलिस की आगे की जांच के बाद गड़बड़ी से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।
