धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मुजगहन गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मेन रोड पर दो युवकों पर चाकू और लकड़ी के डंडों से हमला किए जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मेन रोड पर विवाद के बाद हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे मुजगहन गांव के मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने हुई। बताया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर दीपांशु साहू और विकास साहू का कुछ लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों पर हाथ-मुक्कों के साथ लकड़ी के डंडों और धारदार चाकू से हमला किया गया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर एक युवक को मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास साहू का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश के लिए टीम सक्रिय की गई।
चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रत्नाबांधा निवासी चार युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फनेश्वर नेताम (18), रितेश नेताम (22), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20) और नोहर यादव उर्फ काला (23) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडों सहित अन्य संबंधित सामान बरामद किया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
अर्जुनी पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पुरानी रंजिश या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी तरह की हिंसा से बचें।
