राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर डोंगरगांव मार्ग स्थित श्री कल्याणिका देवस्थानम में मां भगवती की आराधना के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस पर्व में पूजा-अर्चना, चंडी पाठ, भजन संध्या और हवन सहित विभिन्न आयोजन होंगे।
बाबा निर्वाण अनंतानंद उदासीन महाराज के मार्गदर्शन में मंदिर में नवरात्रि उत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। देवस्थानम में प्रतिदिन शाम 5 बजे चंडी पाठ और शाम 7 बजे महाआरती होगी। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और मां भगवती के दर्शन का अवसर मिलेगा।
घट पूजन से शुरू होगा पर्व
नवरात्रि के पहले दिन 11 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे घट पूजन, गौरी-गणेश पूजन और देवी पूजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से श्रद्धालु ज्योत प्रज्वलित कर सकेंगे। इसके बाद प्रतिदिन निर्धारित समय पर धार्मिक अनुष्ठान जारी रहेंगे।
16 अक्टूबर को शाम 4 बजे भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 19 अक्टूबर को महानवमी के अवसर पर रात 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक विशेष चंडी हवन होगा।
विजयदशमी पर होंगे विशेष कार्यक्रम
20 अक्टूबर को सुबह 9 बजे माताजी का महाभिषेक, अर्चना और ध्वज पूजन किया जाएगा। विजयदशमी के अवसर पर दोपहर में महाआरती के बाद कन्या पूजन होगा। इसके साथ ही भंडारे का आयोजन भी निर्धारित किया गया है।
श्री कल्याणिका देवस्थानम में नवरात्रि पर्व के दौरान होने वाले धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा तय कर ली गई है। मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ पर्व मनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
