कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम संबंधों से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देखने के बाद कथित तौर पर नाराज प्रेमी ने विवाद के दौरान उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। महिला के दो दिनों तक नजर नहीं आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। इसी बीच आरोपी ने अपने बेटे के सामने हत्या की बात कबूल कर ली। बेटे ने उसे पुलिस के पास जाने की सलाह दी, लेकिन आरोपी ने खेत में जाकर जहर खा लिया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना कोरबा और जांजगीर जिले की सीमा से लगे पंतोरा चौकी क्षेत्र के अंगारखार गांव की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला का शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरे युवक के साथ देखने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान शिवचरण यादव (51) के रूप में हुई है। उसकी प्रेमिका धनेश्वरी बाई को कथित तौर पर उसने दूसरे युवक के साथ देख लिया था। इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर शिवचरण ने कथित तौर पर धनेश्वरी की हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने महिला के शव को नल के पास झाड़ियों में छिपा दिया, ताकि घटना की जानकारी किसी को न हो सके। इसके बाद धनेश्वरी बाई दो दिनों तक गांव में दिखाई नहीं दीं। उनकी गैरमौजूदगी से ग्रामीणों को शक हुआ और गांव में बैठक बुलाई गई।
ग्रामीणों के सामने किया इनकार, बेटे के सामने कबूला जुर्म
ग्रामीणों की बैठक में संदेह के आधार पर शिवचरण को भी बुलाया गया। हालांकि, उसने हत्या में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह घर पहुंचा और अपने बेटे दुर्गेश के सामने प्रेमिका की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
बेटे ने पिता को पुलिस के पास जाकर पूरी घटना बताने और आत्मसमर्पण करने की सलाह दी। लेकिन इसके बाद शिवचरण खेत में चला गया और वहां जहर का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद वह बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल कोरबा लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से मिला शव
जहर सेवन की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवचरण ने एक महिला की हत्या करने की बात कबूल की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार सुबह झाड़ियों में तलाश की और धनेश्वरी बाई का शव बरामद किया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से एक व्यक्ति के जहर सेवन की सूचना मिली थी। जहर खाने वाले की पहचान शिवचरण यादव (51), निवासी पंतोरा के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसने एक महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पंतोरा चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी के उपचार के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
