कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। दोनों दुर्घटनाओं में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पहली घटना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
पहला हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र के खोडरी मोड़ के पास हुआ। ग्राम सरईसिंगार निवासी फूल सिंह (58), उनके बेटे नरसिंह सिंह (24) और रिश्तेदार यशवंत सिंह बाइक से सरईसिंगार से गेवरा की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फूल सिंह और नरसिंह सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल यशवंत सिंह को डायल-112 की मदद से मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दो बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत
दूसरी दुर्घटना सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग स्थित जोड़ा पुल के पास हुई। यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक पर दो लोग सवार थे।
टक्कर के बाद सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान देवी प्रसाद निषाद और कोमल की मौत हो गई।
हादसे के कारणों की जांच जारी
दूसरे हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जारी है। लगातार हुए इन हादसों के बाद इलाके में शोक का माहौल है। एक ही दिन में पांच लोगों की मौत से परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है।
