बिलासपुर। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। निगौरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टास्क टीम ने साधु की वेशभूषा में घूम रहे दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद कपड़ों की पोटलियों से कुल 15 किलो 540 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 77 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ की टास्क टीम बीती रात करीब 1:15 बजे निगौरा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में जांच अभियान चला रही थी। इस दौरान टीम की नजर साधु के भेष में घूम रहे दो व्यक्तियों पर पड़ी। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ जवानों ने उन्हें रोककर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान दोनों अपने पास रखे सामान और यात्रा से जुड़ी जानकारी के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद संदेह के आधार पर उनके कपड़ों की पोटलियों और अन्य सामान की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी में पोटलियों के अंदर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हंसा नाथ (40) और मनता नाथ उर्फ लंबू (39) के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। आरपीएफ के अनुसार, हंसा नाथ के कब्जे से 7 किलो 280 ग्राम और मनता नाथ की पोटली से 8 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
प्रारंभिक कार्रवाई और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरपीएफ ने दोनों आरोपियों और जब्त गांजे को जैतहरी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही उनके संपर्कों, संभावित तस्करी नेटवर्क और रेलमार्ग से गांजे की तस्करी की योजना के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
आरपीएफ के मुताबिक, ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में संदिग्ध यात्रियों एवं सामान की लगातार जांच की जा रही है।
बताया गया है कि बिलासपुर रेल मंडल की आरपीएफ ने पिछले आठ महीनों में अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 550 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक है। रेलवे परिसरों में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है।
