रायपुर। इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी विवाद पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और इस तरह का व्यवहार उन्हें शोभा नहीं देता। कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री की थी, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राहुल गांधी देश के सामने एक महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर हैं। ऐसे में उन्हें सार्वजनिक कार्यक्रमों में मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। सीएम साय ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राहुल गांधी के आचरण पर सवाल उठाया।
इससे पहले सीएम साय ने सोशल मीडिया पर भी मां के सम्मान से जुड़ी पंक्तियां साझा की थीं। हालांकि उस पोस्ट में उन्होंने सीधे तौर पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम या राहुल गांधी का नाम नहीं लिया था। बाद में उनके बयान को इंदौर के कार्यक्रम में हुई मिमिक्री से जोड़कर देखा गया।
महानदी जल विवाद पर भी बोले सीएम साय
ओडिशा प्रवास को लेकर मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच महानदी जल से जुड़ा मामला लंबे समय से महत्वपूर्ण विषय रहा है और अब इसके समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।
सीएम साय के अनुसार महानदी जल विवाद से जुड़ा मामला ट्रिब्यूनल में चल चुका है और अब केंद्रीय जल आयोग (CWC) को रिपोर्ट सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है और ‘डबल इंजन’ सरकार के माध्यम से इस मामले का जल्द समाधान निकलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बीच भुवनेश्वर में हुई मुलाकात में दोनों राज्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ आपसी सहयोग, विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
