कोरबा। लगातार हो रही बारिश और बांगो बांध से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते कोरबा शहर की नदी किनारे स्थित और निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने सोमवार को सीतामणी, इमलीडुग्गू, कलमीडुग्गू सहित नदी किनारे और निचले क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने बस्तीवासियों से मुलाकात कर जलभराव की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को लगातार निगरानी रखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जलभराव की स्थिति गंभीर होने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए जाएं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टर केंद्रों तक पहुंचाने के साथ वहां रहने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम की ओर से 11 शेल्टर केंद्र तैयार रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को इन केंद्रों के साथ प्रधानमंत्री आवास में भी सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया जाएगा।
आयुक्त पांडेय ने नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि जलस्तर बढ़ने या जलभराव की स्थिति में घबराने के बजाय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और तत्काल सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
