झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव से ठीक पहले सियासी सरगर्मी सातवें आसमान पर पहुंच गई है। आगामी 18 जून को होने वाले मतदान से पहले एनडीए खेमे के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। लातेहार से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक प्रकाश राम की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।इस खबर के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या ऐन वक्त पर एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी का चुनावी समीकरण डगमगा सकता है? हालांकि, भाजपा नेताओं का दावा है कि प्रकाश राम 18 जून से पहले पूरी तरह स्वस्थ होकर मतदान के लिए विधानसभा पहुंच जाएंगे।
- दूसरी सीट के लिए ‘कांटे की टक्कर’: एक-एक वोट पर टिकी नजरें
झारखंड में राज्यसभा की दूसरी सीट को सुरक्षित करने के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के बीच कड़ा मुकाबला है। दोनों ही खेमे एक-एक विधायक को व्यक्तिगत तौर पर या संपर्क सूत्रों के माध्यम से साधने में जुटे हैं।
- इंडिया गठबंधन की चुनौती: कांग्रेस के प्रणव झा और जेएमएम (JMM) के बैजनाथ राम के सामने गठबंधन के सभी 56 विधायकों को पूरी तरह एकजुट रखने की बड़ी चुनौती है।
- परिमल नाथवानी का गणित: नाथवानी को जीत के लिए भाजपा-एनडीए के सभी 24 विधायकों के साथ-साथ 4 अन्य अतिरिक्त वोटों का जुगाड़ करना होगा। ऐसे में भाजपा विधायक प्रकाश राम की बीमारी ने एनडीए खेमे की धड़कनें जरूर बढ़ा दी हैं।
- चुनावी महामंथन: परिमल नाथवानी ने रघुवर दास से की मुलाकात
इस बीच, सोमवार को परिमल नाथवानी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की। इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक में जीत के लिए जरूरी अतिरिक्त वोटों के समीकरण पर गंभीर चर्चा हुई है।प्रकाश राम लातेहार सीट से एक मजबूत चेहरा हैं। दिलचस्प बात यह है कि वह झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के मौजूदा राज्यसभा उम्मीदवार बैजनाथ राम को ही विधानसभा चुनाव में हराकर यहां पहुंचे हैं। प्रकाश राम सबसे पहले बाबूलाल मरांडी की पूर्व पार्टी जेवीएम (JVM) के टिकट पर विधायक बने थे, जिसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए और 2024 के विधानसभा चुनाव में लातेहार से तत्कालीन मंत्री बैद्यनाथ राम को शिकस्त दी।अस्पताल में भर्ती होने के बाद कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने प्रकाश राम से संपर्क कर उनकी सेहत की जानकारी ली है। फिलहाल वह डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं।
