महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजे के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक और दो मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में लगातार वाहन जांच और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक आयशर माजदा Pro 3015 ट्रक, क्रमांक MH 18 BG 7546, में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
वाहन में सवार लोगों की पहचान अजय रविन्द्र पवार (30), निवासी जिला जलगांव, महाराष्ट्र, और स्वराज महाजन (25), निवासी जिला जलगांव, महाराष्ट्र, के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान वाहन में गांजा होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जिसमें कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से 560 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बरहमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव जिले ले जाने की बात बताई। पुलिस ने गांजे के अलावा करीब 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक और 8 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
इस मामले में सिंघोड़ा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के प्रयासों का हिस्सा है।
