बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज यश ने करीब तीन महीने पहले ही हमले की योजना बनाई थी।
लाइब्रेरी से घर लौट रही थी युवती, रास्ते में किया हमला
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।
घटना के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की जांच के लिए उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास और शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।
पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और अलग-अलग कहानियां बताईं। हालांकि, सख्ती से पूछताछ के बाद उसने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, यश ने बताया कि युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने और उससे शादी के लिए तैयार नहीं होने के कारण वह नाराज था।
तीन महीने पहले रची गई थी हमले की साजिश
पुलिस के मुताबिक, यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी। करण मूल रूप से बीजापुर जिले के भैरमगढ़ का रहने वाला है। यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा था।
दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस दौरान शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद दोनों ने दोबारा योजना बनाई और 5 अक्टूबर को मौका देखकर हमला कर दिया।
वारदात के बाद अलग-अलग रास्तों से भागा आरोपी
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को हमला करने के बाद करण कुंजाम मौके से भागकर तांदुला बांध पहुंचा। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। दूसरी ओर, यश से पूछताछ के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज कर दी।
पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर करण को कोंडागांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की।
एसिड और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त
आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया एसिड और वारदात के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नेवारिकला, वार्ड नंबर 11, जिला बालोद और करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, जिला बीजापुर के रूप में की है।
एसिड बेचने वाले पर भी होगी कार्रवाई
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि आरोपियों ने एसिड दुर्ग से खरीदा था। पुलिस अब एसिड बेचने वाले की भी जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर एसिड बेचने वाले के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी बीजापुर में रहकर पढ़ाई करते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। पुलिस के मुताबिक, इसी दोस्ती के आधार पर करण को वारदात में शामिल किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या उन्हें परेशान करने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी समय रहते पुलिस को देने से गंभीर घटनाओं को रोका जा सकता है।
