रायपुर। शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए रायपुर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन-3 के गुरु घासीदास वार्ड क्रमांक-48 स्थित काशीराम नगर गली नंबर-1 में नाले पर बने 23 पुराने अवैध कब्जों को हटा दिया। निगम का कहना है कि इन कब्जों के कारण वर्षों से नाले का प्रवाह बाधित हो रहा था, जिससे गंदे पानी की निकासी और सफाई कार्य प्रभावित हो रहे थे।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-3 की जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता नरेश कुमार साहू, उप अभियंता अक्षय भारद्वाज, श्रुति चतुर्वेदी सहित नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
जल निकासी होगी बेहतर
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, अवैध कब्जों के कारण नाले की नियमित सफाई संभव नहीं हो पा रही थी, जिससे बारिश के समय जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती थी। कब्जे हटने के बाद अब नाले की व्यापक सफाई कराई जाएगी, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु बनी रहे।
नई सड़क और नाली का होगा निर्माण
निगम ने बताया कि कब्जा हटाने के बाद संबंधित क्षेत्र में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई नाली और सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में नालों पर अतिक्रमण, अवैध कब्जों और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
हाल ही में जोन-2 की टीम ने पंडरी स्थित होटल पुनीत और आसपास की दुकानों के सामने नाले पर बने आधा दर्जन से अधिक अवैध पाटों को जेसीबी की मदद से हटाया था। वहीं, जोन-10 नगर निवेश विभाग ने बोरियाखुर्द नहर रोड पर करीब 5 एकड़ निजी भूमि पर दोबारा शुरू की गई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध मुरम सड़क काट दी और बनाई गई नींव को ध्वस्त कर दिया।नगर निगम का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में जल निकासी व्यवस्था बेहतर हो, अवैध निर्माण पर रोक लगे और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से मिल सकें।
