दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चैन स्नैचिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी कोई पुराने अपराधी नहीं, बल्कि BTech की पढ़ाई करने वाले युवक और युवती निकले। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं। पुलिस के मुताबिक पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने चैन स्नैचिंग की योजना बनाई और सुबह के समय बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देने लगे।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की सुबह प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने मौका पाकर महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों मौके से फरार हो गए।
इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट स्थित विद्या विहार कॉलोनी में भी इसी तरह की वारदात सामने आई। लगातार हुई चैन स्नैचिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के आधार पर पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने चैन स्नैचिंग की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में सामने आया कि दोनों कॉलेज में साथ पढ़ते हैं और पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने अपराध का रास्ता अपनाया।
बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे टारगेट
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार आरोपी सुबह के समय स्कूटी से इलाके में घूमते थे और ऐसी बुजुर्ग महिलाओं पर नजर रखते थे, जो अकेले सड़क या घर के आसपास टहल रही होती थीं। युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक पीछे बैठकर मौका मिलते ही महिला के गले से चेन झपट लेता था।
पुलिस के मुताबिक पहचान छिपाने के लिए दोनों हेलमेट और कपड़ों का इस्तेमाल करते थे। वारदात के बाद दोनों तेजी से मौके से निकल जाते थे।
चेन का हिस्सा और स्कूटी जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब दोनों से जुड़ी अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।
