धमतरी। खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का बड़ा अधिकारी बताकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लाखों रुपये का सामान ले जाने के मामले में धमतरी पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने आरोपी हितेश सिंह को बैकुंठपुर से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ACB अधिकारी बनकर घर में घुसे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने सिविल लाइन रुद्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताकर उसके घर में घुस आए थे। आरोपियों ने कथित तौर पर प्रार्थी को गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे सामान को अपने साथ ले गए।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन ले लिए। पुलिस ने चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मामले में BNS की धारा 335 और 309(4) भी जोड़ी गई।
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें रामचंद देवांगन (40), निवासी जल विहार कॉलोनी, रुद्री और नागेंद्र पटेल (34), निवासी पटना, जिला कोरिया शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी 29 नवंबर 2025 को की गई थी।
बैकुंठपुर से फरार आरोपी को दबोचा
मामले में फरार चल रहे आरोपी हितेश सिंह, पिता गणेश बहादुर सिंह, निवासी ग्राम सलका बड़कापारा, थाना एवं जिला बैकुंठपुर, जिला कोरिया को पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को बैकुंठपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी
यह कार्रवाई धमतरी एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी सिविल लाइन रुद्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में पुलिस की जांच आगे भी जारी है।
