कोंडागांव। जिले में संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए फरसगांव पुलिस ने शनिवार सुबह व्यापक कांबिंग और शिनाख्ती अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने थाना क्षेत्र के नगर के सभी 15 वार्डों समेत अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 163 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के इस अभियान के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति रही। अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना, उनके दस्तावेजों का सत्यापन करना और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाना रहा।
21 पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में की कार्रवाई
अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए पुलिस ने कुल 21 टीमों का गठन किया था। सभी टीमों ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनके दस्तावेजों की जांच की।
हिरासत में लिए गए लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा उनके रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारियों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
एसपी के निर्देशन में चल रहा अभियान
फरसगांव एसडीओपी अभिनव उपाध्याय ने बताया कि यह विशेष अभियान एसपी पंकज चंद्रा के निर्देशन में शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत चलाया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के साथ उनके दस्तावेजों और पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। यदि सत्यापन के दौरान किसी व्यक्ति के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला या अन्य गंभीर तथ्य सामने आता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील
फरसगांव पुलिस ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आती हैं या इलाके में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
पुलिस ने इसके लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर साझा करें।
