रायपुर। कोरिया जिले के कटगोड़ी गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड को लेकर क्षत्रिय करणी सेना ने न्याय की मांग को और मुखर करने का निर्णय लिया है। संगठन ने 29 जून को कोरिया पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करने तथा प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने की घोषणा की है।
करणी सेना के अनुसार, सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम कटगोड़ी में हुई हिंसक घटना में पूर्व जनपद अध्यक्ष भरत सिंह लल्ला, उनके चचेरे भाई नगेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान उनकी फॉर्च्यूनर वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया, जबकि मयंक सिंह गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका इलाज जारी है।
संगठन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत के नेतृत्व में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में करणी सैनिक कोरिया पहुंचेंगे। प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करेगा, इसके बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा।
करणी सेना का कहना है कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि न्याय और कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने जानकारी दी कि 29 जून को डॉ. राज शेखावत रायपुर पहुंचेंगे, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वाहनों के काफिले के साथ करणी सेना का प्रतिनिधिमंडल सीधे कोरिया जिले के कटगोड़ी गांव रवाना होगा।
संगठन ने प्रदेशवासियों और समाज के सभी वर्गों से न्याय की इस मुहिम में सहयोग और सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाना ही इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
