रायपुर। छत्तीसगढ़ में क्षत्रिय करणी सेना को नए स्वरूप और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के साथ विस्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में प्रदेश के सभी 33 जिलों में संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई जा रही है।संगठन से जुड़े पदाधिकारियों अभिषेक सिंह, अमितेश प्रताप सिंह और अविनाश सिंह ने बताया कि हाल ही में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत ने छत्तीसगढ़ की पुरानी इकाइयों को भंग कर दिया था। संगठन में व्यापक बदलाव करते हुए वीरेंद्र सिंह तोमर को छोड़कर अन्य सभी पदाधिकारियों को उनके पदों से मुक्त किया गया, ताकि नई ऊर्जा और नई कार्ययोजना के साथ संगठन का विस्तार किया जा सके।
अलग-अलग प्रकोष्ठों के माध्यम से बढ़ेगी सक्रियता
संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मुख्य इकाई के साथ विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन किया जा रहा है। इनमें सनातन प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ, छात्र प्रकोष्ठ, व्यापारी प्रकोष्ठ, कर्मचारी प्रकोष्ठ, अधिवक्ता प्रकोष्ठ, खेल प्रकोष्ठ और सांस्कृतिक प्रकोष्ठ शामिल हैं।इन प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को संगठन से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने की योजना बनाई गई है। संगठन का लक्ष्य सामाजिक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करना और एक मजबूत नेटवर्क तैयार करना है।
संभाग स्तर पर होंगी बैठकें
संगठन विस्तार अभियान के तहत जल्द ही प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में बैठकें आयोजित करने की तैयारी चल रही है। इन बैठकों में जिला स्तर की कार्यकारिणी, नए पदाधिकारियों की नियुक्ति और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
नए स्वरूप में नजर आएगी क्षत्रिय करणी सेना
वीरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में क्षत्रिय करणी सेना आने वाले दिनों में नए संगठनात्मक स्वरूप के साथ प्रदेश में सक्रिय दिखाई देगी। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि यह विस्तार अभियान समाज सेवा, सामाजिक एकजुटता, युवाओं की भागीदारी और संगठन की मजबूती को केंद्र में रखकर चलाया जा रहा है।नए पुनर्गठन के बाद क्षत्रिय करणी सेना प्रदेश के सभी जिलों में अपनी सक्रियता बढ़ाने और सामाजिक मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
