अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के दौरान खाद की उपलब्धता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बड़ा बयान दिया है। अंबिकापुर दौरे के दौरान उन्होंने खाद गोदामों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर, उचित मूल्य पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद की कालाबाजारी और वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने गोदामों में उपलब्ध खाद के भंडारण, वितरण व्यवस्था और स्टॉक की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी किसान को खाद के लिए भटकना न पड़े और सभी को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश और विशेष रूप से सरगुजा संभाग में खाद का पर्याप्त भंडारण मौजूद है। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में खाद की कमी को लेकर जो भ्रम फैलाया गया था, वह पूरी तरह निराधार साबित हुआ है। सरकार लगातार किसानों तक पर्याप्त मात्रा में खाद पहुंचाने का काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस बार कम बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने पहले से ही रणनीति तैयार कर ली थी। कम अवधि वाली धान की खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों के लिए एनपीके (NPK) और नैनो खाद की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि खेती प्रभावित न हो।
कालाबाजारी पर सरकार का सख्त रुख
कृषि मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूलने या वितरण में गड़बड़ी की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि खाद से जुड़े मामलों में इस वर्ष सरकार ने सबसे अधिक कार्रवाई की है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जाए कि हर जरूरतमंद किसान को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध हो। सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
