रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छह ट्रैक्टरों से लदा एक भारी ट्रेलर फ्लाईओवर से गुजरते समय अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद दुर्ग-रायपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब 40 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और ट्रेलर चालक सुरक्षित बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर के पलटते ही फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।
डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। ट्रेलर के पलटने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। पुलिस ने बिना देर किए क्रेन मंगवाई और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रेलर को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।
दुर्घटना में ट्रेलर पर लदे छह ट्रैक्टरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, जबकि चालक पूरी तरह सुरक्षित है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस ने जारी की थी ट्रैफिक एडवाइजरी
यातायात बाधित होने के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दुर्ग से रायपुर आने वाले हल्के वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी। पुलिस ने वाहन चालकों से सरोना फ्लाईओवर की बजाय एम्स–मोहबाबाजार मार्ग का उपयोग करने की अपील की, जिससे जाम की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली।
यातायात हुआ पूरी तरह सामान्य
डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि ट्रेलर हटाए जाने के बाद सरोना फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह बहाल कर दिया गया है। वर्तमान में सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी है। पुलिस ने वाहन चालकों से भारी वाहनों का संचालन करते समय गति और संतुलन का विशेष ध्यान रखने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
