रायपुर। क्षत्रिय करणी सेना के संगठन को प्रदेशभर में और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर लगातार रणनीति तैयार की जा रही है। इसी कड़ी में सरगुजा से क्षत्रिय करणी सेना के युवा पदाधिकारी हाल ही में रायपुर पहुंचे। इस दौरान संगठन के विस्तार, सामाजिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। रायपुर में इन युवाओं को क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ अध्यक्ष तथा किसान नेता वीरेंद्र सिंह तोमर ने मार्गदर्शन दिया।
सरगुजा से पहुंचे क्षत्रिय करणी सेना के हिमांशु सिंह सोलंकी, तरुण सिंह, अमन सिंह, सत्यम सिंह और मंजीत चौधरी ने किसान नेता वीरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात कर संगठन की वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान पदाधिकारियों ने सरगुजा में संगठन को मजबूत करने के लिए तैयार की गई अपनी आगामी कार्ययोजना भी उनके समक्ष रखी।
बैठक में संगठन के विस्तार के साथ ही युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, सामाजिक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने और सेवा कार्यों को गति देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सरगुजा क्षेत्र में क्षत्रिय करणी सेना की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं सेवा कार्यों की भी जानकारी साझा की गई। वीरेंद्र सिंह तोमर ने संगठन के पदाधिकारियों और युवाओं से आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रूप से कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों और संगठन की भविष्य की दिशा को लेकर भी रणनीति पर चर्चा हुई। इस अवसर पर 20 सितंबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर मैदान में क्षत्रिय करणी सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत के नेतृत्व में यूजीसी रोलबैक आंदोलन के तहत आयोजित होने वाली सवर्ण महापंचायत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। महापंचायत में छत्तीसगढ़ की सहभागिता को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया और प्रदेश से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
क्षत्रिय करणी सेना के पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं, आगामी कार्यक्रमों में युवाओं की सक्रिय भूमिका और प्रदेशभर से संगठन की भागीदारी को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
