रायपुर। रायपुर जिले के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान 85 मकानों को तोड़े जाने के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी जिला प्रभारियों और संगठन पदाधिकारियों को आंदोलन की तैयारी के निर्देश जारी किए हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार ने वर्षा ऋतु के दौरान कार्रवाई कर दर्जनों गरीब परिवारों को बेघर कर दिया, जिससे उनके सामने रहने और आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। पार्टी का कहना है कि बरसात के मौसम में बिना समुचित पुनर्वास के लोगों के आशियाने उजाड़ना पूरी तरह अमानवीय है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों के घर उजाड़ रही है, लेकिन उनके पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी।
इस बीच कांग्रेस विधायकों ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पत्र में आग्रह किया गया है कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना इस प्रकार की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय और उचित पुनर्वास नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने सभी जिला एवं ब्लॉक इकाइयों को जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सरकार पर प्रभावित परिवारों को राहत और न्याय देने का दबाव बनाया जा सके।
नकटी गांव में हुई कार्रवाई के बाद यह मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई से आगे बढ़कर प्रदेश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में कांग्रेस के आंदोलन और सरकार की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें रहेंगी।
