पटना: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज सिन्हा का चुनावी हलफनामा चर्चा का विषय बन गया है। हलफनामे में सामने आई जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय नीरज सिन्हा के नाम पर न तो कोई मकान है, न ही कोई कार या अन्य वाहन, जबकि उनके खिलाफ किसी भी थाने या न्यायालय में एक भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
सोमवार (13 जुलाई) को पटना कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल करने के बाद सार्वजनिक हुए हलफनामे के मुताबिक, नीरज सिन्हा की कुल घोषित संपत्ति 20,28,554 रुपये है। इसमें 12,28,554.74 रुपये चल संपत्ति के रूप में दर्ज हैं। उनकी अधिकांश राशि बैंक खातों में जमा है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), मीठापुर शाखा के खाते में 8,99,704.74 रुपये, जबकि यूको बैंक, एजी ऑफिस शाखा, पटना में 25,000 रुपये जमा हैं।
कृषि और व्यापार से होती है आय
हलफनामे में नीरज सिन्हा ने अपनी आय का प्रमुख स्रोत कृषि और व्यापार बताया है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 6.71 लाख रुपये, 2025-26 में 4.97 लाख रुपये तथा 2024-25 में 4.89 लाख रुपये की आय घोषित की है। आभूषणों के रूप में उनके पास 1.32 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन, 4 ग्राम सोने की अंगूठी और 200 ग्राम चांदी है।
स्नातक तक की पढ़ाई, अविवाहित हैं उम्मीदवार
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो नीरज सिन्हा ने 2012 में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से मैट्रिक उत्तीर्ण की। इसके बाद 2024 में मगध महाविद्यालय, सकुराबाद (जहानाबाद) से स्नातक की डिग्री हासिल की। हलफनामे के अनुसार, वह अविवाहित हैं और अपने पेशे के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता और व्यापारी का उल्लेख किया है।
बांकीपुर की सियासी जंग पर टिकी नजरें
पटना जिले की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव इस बार बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा। सभी प्रमुख दलों ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं और अब चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। ऐसे में नीरज सिन्हा का सादा जीवन और उनके हलफनामे में दर्ज जानकारी राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
