रायपुर/धमधा। क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने धमधा विकासखंड के परपोडी गांव पहुंचकर दिवंगत वीरेंद्र सिंह राजपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वे स्वर्गीय राजपूत के तेरहवीं संस्कार कार्यक्रम में शामिल हुए और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि “वीरेंद्र सिंह राजपूत का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका बिछड़ना हम सभी के लिए अत्यंत दुखद है। उन्होंने हमेशा समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और हर सुख-दुख में समाज के लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहे। उनका सामाजिक योगदान और सरल व्यक्तित्व हमेशा याद रखा जाएगा।”
इस अवसर पर तोमर ने दिवंगत की धर्मपत्नी शारदा राजपूत तथा उनके पुत्र देवेंद्र सिंह राजपूत और नागेंद्र सिंह राजपूत से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में धैर्य रखने का संबल दिया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि समाज हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।
कार्यक्रम में क्षत्रिय करणी सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी दिवंगत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान राजसिंह हाड़ा, प्रभात सिंह और अमित सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने शोकसभा में शामिल होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिजनों और उपस्थित लोगों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना।
तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र सिंह तोमर ने खेलावन सिंह, गौकरण सिंह, भोला सिंह, सोनू सिंह, रमेश सिंह, योगेश सिंह, पिंटू सिंह, रौनक सिंह, लक्की सिंह सहित बैस परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
समाज के लोगों ने कहा कि दिवंगत वीरेंद्र सिंह राजपूत का सामाजिक जीवन प्रेरणादायी रहा। उनकी सादगी, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
