रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय Pandit Ravishankar Shukla University के वरिष्ठ शिक्षाविद् और खेल प्रशासक प्रो. (डॉ.) राजीव चौधरी को अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) ने एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें सत्र 2026-27 के लिए अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के आवंटन हेतु गठित राष्ट्रीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह समिति देशभर के विश्वविद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन कर विभिन्न अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों का चयन करेगी। चयन प्रक्रिया में खेल अधोसंरचना, आवास व्यवस्था, परिवहन सुविधा, चिकित्सा सेवाएं, मानव संसाधन और पूर्व आयोजन अनुभव जैसे प्रमुख मानकों को आधार बनाया जाएगा।
Association of Indian Universities (AIU) की यह समिति देश में विश्वविद्यालय स्तरीय खेल आयोजनों की पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही यह समिति विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए विश्वविद्यालयों के चयन और आवंटन की प्रक्रिया को भी दिशा देगी।
प्रो. Rajiv Chaudhary वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW), स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन लॉ के विभागाध्यक्ष तथा स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन फिजिकल एजुकेशन के विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे शारीरिक शिक्षा संकाय के डीन का दायित्व भी निभा चुके हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस नियुक्ति को न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया है। उनका कहना है कि यह उपलब्धि प्रो. चौधरी के लंबे समय से खेल प्रशासन और विश्वविद्यालयीय खेलों के विकास में दिए गए योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है।
